ब्रेनडेड मरीज के लिवर, दो किडनी समेत पांच अंगों का दान

Patrika 2025-09-12

Views 13

अहमदाबाद शहर के सिविल अस्पताल में शुक्रवार को गांधीनगर जिले के कलोल निवासी राहुल मकवाणा (30) को ब्रेनडेड घोषित कर दिया। ऐसे में उनके परिजनों ने उनके लिवर, दो किडनी व दो आंखों सहित पांच अंगों का दान किया। जिससे पांच जरूरतमंद लोगों का जीवन सुधारने में चिकित्सकों को मदद मिलेगी।

एक दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुए राहुल को अस्पताल में भर्ती किया था, स्थिति में सुधार नहीं होने पर उन्हें ब्रेन डेड घोषित कर दिया गया, जिसके बाद परिजनों ने उसके अंगों को दान की स्वीकृति दी।
राहुल मकवाणा गत छह सितंबर को गणेश विसर्जन के दौरान घर लौट रहे थे, उस दौरान बाइक गिरने के चलते हुई दुर्घटना में वे गंभीर रूप से घायल हो गए। 108 एम्बुलेंस के माध्यम से उन्हें कलोल स्थित अस्पताल ले जाया गया, जहां से गांधीनगर सिविल और उसके बाद गत 9 सितंबर को अहमदाबाद सिविल अस्पताल ले जाया गया। गहन उपचार के बावजूद उनकी स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो विशेष जांच की गई, जिसके परिणाम को देखने के बाद गुरुवार को उन्हें ब्रेन डेड घोषित कर दिया गया। अस्पताल में अंगदान के लिए काम कर रही टीम ने राहुल के भाई अजय मकवाणा व अन्य लोगों को अंगदान के बारे में अवगत कराया। परोपकार की भावना को ध्यान में परिजनों ने अंगदान की स्वीकृति दी। इसके बाद राहुल के लिवर, दो किडनी और दो आंखों का दान किया गया।

अब तक 879 अंग-ऊतक दान में मिले

अहमदाबाद सिविल अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राकेश जोशी ने बताया कि लोगों में अंगदान के प्रति जागरूकता आ रही है। अब तक सिविल अस्पताल में ही 213 ब्रेनडेड मरीजों के 705 अंग, 174 आंख व 24 त्वचा समेत 879 अंग-ऊतक दान में मिल चुके हैं। दान किए गए अंगों में सबसे अधिक 390 किडनी व 188 लिवर शामिल हैं।

Share This Video


Download

  
Report form
RELATED VIDEOS